Special Story Post


इंफोसिस कंपनी छोड़कर गुलाब की खेती शुरू की, दो महीने में 30 लाख रु. कमाए

किसानों का रुझान डच गुलाब की खेती की ओर बढ़ा है। उच्च शिक्षित युवा भी गुलाब की खेती करने लगे हैं। बीगोद निवासी आशुतोष पारीक ने बीटेक कर जयपुर में इंफोसिस कंपनी में 12 लाख के पैकेज पर नौकरी की। कुछ समय बाद नौकरी छाेड़कर खेती करना शुरू किया। पैतृक जमीन पर पारंपरिक खेती करते हुए सब्जियां उगाई। आशुतोष ने दो साल पहले फूलों की खेती शुरू की। डेढ़ एकड़ के पॉलीहाउस में 45 हजार पौधे फूलों के लगाए। इनमें रेड रोज, व्हाइट रोज, येलो रोज, औरेंज रोज आदि अलग-अलग किस्म शामिल हैं। इस साल जनवरी व फरवरी में करीब 30 लाख रुपए की आय हुई। 

पढ़ाई के साथ जाता था कृषि कार्यशालाओं में : आशुतोष ने बताया कि पढ़ाई के दौरान मैंने खेती से जुड़ी कार्यशालाओं में भी हिस्सा लिया। इसलिए मैंने वर्ष 2016 में नौकरी छोड़कर खेती करने का मन बनाया। मेरे इस निर्णय से परिवार के लोग खुश नहीं थे। नौकरी छोड़कर खेती करना उन्हें पसंद नहीं था। उनका कहना था कि खेती घाटे का सौदा साबित होती है। मैंने उन्हें तैयार कर लिया। परंपरागत खेती की जगह आधुनिक खेती शुरू की। अब खेती से अच्छा मुनाफा मिलने पर परिवार के लोग मेरे निर्णय से खुश हैं। पॉली हाउस में पहले खीरा-ककड़ी बोई। इसके बाद गुलाब की खेती शुरू की। बीगोद के फूलों की डिमांड जयपुर और अजमेर में ज्यादा है।